कांगड़ाः हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से ताल्लुक रखने वाली एक आईटीबीपी महिला जवान की हृदय गति रुकने से मौत होने की खबर सामने आई है। महिला अपने पीछे दो बेटियां छोड़ गई हैं। बता दें कि कुछ साल पहले पति की मौत के बाद महिला ने आईटीबीपी फोर्स ज्वाइन की थी और अब उनका भी निधन हो गया।
महिला जवान की पहचान इंदु शर्मा निवासी गांव बडूखर के तौर पर हुई है। इंदु शर्मा का निधन पंचकूला में हुआ, जिसके बाद उनकी पार्थिव देह को आधी रात उनके पैतृक गांव लाया गया। जहां आज पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान इंशु शर्मा की बेटी कृति शर्मा ने अपनी मां को मुखाग्नि दी। यह मंजर देखकर हर किसी की आंखे नम हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक इंदु शर्मा के पति आईटीबीपी में जवान थे और दैनिक दिनचर्या के दौरान उनकी मौत हो गई थी। इसके उपरांत उन्हें करुणामूलक आधार पर अपने पति की आश्रित के तौर पर आईटीबीपी में तैनात किया गया था। परंतु बीते कुछ समय से वह एक भयंकर बीमारी से जूझ रहीं थी।