हिमाचल: पति ने पत्नी और उसके प्रेमी को गोली से उड़ाया,खुद भी किया सुसाइड,पढ़े पूरी खबर

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां स्थित पर्यटन नगरी मनाली में एक शख्स ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली से उड़ा लिया। इस पूरी वारदात में दो लोगों की जान गई है। जबकि, महिला घायल बताई जा रही है।

महिला को घायलावस्था में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। उधर, वारदात का पता चलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों ही मृतकों के शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमोर्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली की दो महिलाओं ने होटल को लीज पर लिया था। बीती रात दोनों महिलाओं ने एक दोस्त को डिनर पर बुलाया था। रात को एक महिला उस दोस्त के साथ कमरे में ठहरी थी। इसी बीच दिल्ली से दोस्त के साथ ठहरी महिला का पति मौके पर पहुंच गया। पत्नी को अज्ञात व्यक्ति के साथ देख उससे झगड़ा करने लगा। महिला के पति ने आवेश में आकर पत्नी के दोस्त पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। दोस्त की मौत के बाद महिला के पति ने खुद को भी गोली मार दी है, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं महिला इस घटना में घायल बताई जा रही है। 

एसपी गुरुदेव शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। शव को कब्जे में ले लिया गया है। उधर बताया जा रहा है कि वारदात आधी रात की है। मौके पर पुलिस व फोरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है। फ़िलहाल पुलिस ने मृतकों सहित घायल महिला की पहचान सांझा नहीं की है।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *