भाई को मिला टिकट, बेटी ने कर दी बगावत,भाजपा महिला मोर्चा महामंत्री पद से इस्तीफा………..

मंडी के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से महेंद्र ठाकुर के पुत्र रजत ठाकुर को टिकट मिलने के बाद रजत ठाकुर की बहन वंदना ठाकुर ही विरोध में उतर आई हैं। बताया जा रहा है कि बंदना गुलेरिया भी दावेदार थीं।

हिमाचल प्रदेश में जिला मंडी के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से महेंद्र ठाकुर के पुत्र रजत ठाकुर को टिकट मिलने के बाद रजत ठाकुर की बहन वंदना ठाकुर ही विरोध में उतर आई हैं। बताया जा रहा है कि बंदना गुलेरिया भी टिकट के लिए दावेदारी जता रही थीं, मगर उन्हें टिकट नहीं मिला है, जिससे वह अपने पिता और भाई से खासी नाराज हैं। भाजपा महिला मोर्चा महामंत्री वंदना ठाकुर ने उनके भाई को टिकट देने के विरोध में अपने पद से भी इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ ही संगठन की 55 अन्य महिलाओं ने भी इस्तीफा दे दिया है।

इसके बाद वंदना ठाकुर ने सोशल मीडिया पर भी जमकर गुस्सा निकाला। सुबह ही उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर खूब बवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने पोस्ट में लिखा है कि दिल्ली से टिकट तो ले आते हैं, मगर वोट कहां से लाएंगे।  वहीं, बाद में एक और पोस्ट डाली और कहा कि हर बार परिवारवाद में बेटियों की बलि क्यों दी जाती है और बाद में इन्होंने पोस्ट पर ही इस्तीफा दे दिया है।

इस पारिवारिक कलह से धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के कद्दावर नेता धर्म संकट में फंसकर रह गए हैं। एक तरफ जहां उन्हें बेटे को टिकट मिलने की खुशी है, वहीं बेटी की नाराजगी ने भी उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बेटी वंदना उनके साथ लगातार विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के प्रचार में जुटी रही हैं। ऐसे में उनको नाराज देखकर वह स्वयं भी खुद को असहज पा रहे हैं। अब पिता महेंद्र सिंह ठाकुर और भाई रजत ठाकुर उन्हें मनाने में जुट गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *